

नेऊरगांवखुर्द और गंडईखुर्द सहित 30 स्थानो में विकसित होने जा रहा जी राम जी फलदार उद्यान
लगाए जाएंगे आम, नींबू, जामुन, आंवला एवं सीताफल जैसे फलदार पौधे स्थानीय ग्रामीणों की बढ़ेगी आय
सत्येन्द्र बडघरे कवर्धा – कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत नेऊरगांवखुर्द एवं गंडईखुर्द में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत जी राम जी उद्यान की स्थापना की गई है। 2 जुलाई 2026 को विकसित भारत जी राम जी योजना के शुभारंभ अवसर पर उद्यान की नींव रखी गई। ग्राम पंचायत नेऊरगांवखुर्द में 560 नग फलदार वृक्षारोपण कार्य गौठान के बगल में समराही परिया के 2.02 हेक्टेयर क्षेत्र में 8.35 लाख रुपए की लागत से फलदार पौधे लगाए गए है। जिसमें आम,नींबू,जामुन, आंवला एवं कटहल शामिल है। इस कार्य की देखभाल उद्यानिकी विभाग द्वारा की जा रही है तथा एग्रीकॉन संस्था द्वारा इसमें सहयोग प्रदान करते हुए पूरे क्षेत्र का चैन लिंकिंग फेंसिंग करते हुए प्रति पौधे प्रति माह 15 रखरखाव के लिए स्थानीय महिला समूह के सदस्यों को दी जा रही है। इसी तरह ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में फलदार वृक्षारोपण कार्य लिलमहा बगीचा स्थल के पास 2.02 हेक्टेयर क्षेत्र में 350 नग फलदार पौधों का रोपण किया गया है तथा इसकी लागत 6.678 लाख रुपए रखी गई है। इस कार्य को भी उद्यानिकी विभाग द्वारा संपादित कराया जा रहा है तथा दोनों उद्यान विकसित भारत जी राम जी योजना के मद से स्वीकृत किए गए है। इस कार्य में भी एग्रीकॉन संस्था का सहयोग शामिल है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि उद्यान विकास करने का मुख्य लक्ष्य वृक्षारोपण को बढ़ावा देते हुए ग्रामीणों को आजीविका के नए साधन उपलब्ध कराना है। वृक्षारोपण में सभी फलदार पौधे लगाए गए हैं और सभी पौधे ग्राफ्टिंग प्रकृति के हैं। जिसे उद्यानिकी विभाग के सहयोग से स्थानीय समूह द्वारा तैयार किया जा रहा है। उन्नत किस्म के आम,आंवला,नींबू,जामुन, सीताफल और कटहल के फसल 2 से 3 साल में तैयार होने लगेंगे तथा इसे बेचकर स्थानीय समूह को आर्थिक लाभ होगा। साथ ही पौधों की तैयारी में ग्रामीणों को विकसित भारत जी राम जी योजना से रोजगार के अवसर मिल रहे है और साथ मे प्रतिदिन 300 का मजदूरी भुगतान प्राप्त हो रहा है। श्री अभिषेक अग्रवाल ने आगे बताया कि जिले में कुल 30 स्थानो पर फलदार वृक्षारोपण का कार्य किए जाने की योजना अंतिम चरण पर है। जिनमे से प्रथम दो की स्थापना क्रमशः ग्राम पंचायत नेऊरगांवखुर्द एवं गंडईखुर्द में की जा चुकी है। तथा शेष 28 स्थानो की स्वीकृति प्रक्रिया जारी है तथा इसी वर्षा ऋतु में जी राम जी उद्यान विकास का कार्य पूरा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि जी राम जी योजना अंतर्गत आजीविका को बढ़ावा देने वाले कार्यों को किए जाने का प्रावधान है। इसी क्रम में जिला पंचायत कबीरधाम द्वारा योजना के शुभारंभ अवसर पर फलदार वृक्षारोपण के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर स्थापित करने यह मुहिम प्रारंभ की गई है।