तीन तलाक बोलकर पत्नी और बच्चों को घर से निकाला, पति समेत सास-ससुर पर FIR


बलरामपुर । बलरामपुर जिले के राजपुर में पत्नी को कथित तौर पर तीन तलाक देकर दो बच्चों के साथ घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर राजपुर पुलिस ने पति समेत सास-ससुर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय महिला की शादी वर्ष 2017 में ग्राम आरा निवासी इस्तेयाक अंसारी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कम रकम लाने को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि महिला से मायके से पैसे लाने के लिए मारपीट और गाली-गलौज भी की जाती थी।
महिला का आरोप है कि इस साल जब वह तीसरी बार गर्भवती हुई, तो पति और ससुराल वालों ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर 7 फरवरी को पति ने उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर एक साथ तीन बार तलाक बोलकर दोनों बच्चों समेत उसे घर से निकाल दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति इस्तेयाक अंसारी, सास जैतून निशा और ससुर नेशार अहमद के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019 की धारा 4 और बीएनएस की धारा 85 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *