भिलाई में आर्थिक तंगी से जूझ रहे BJCL कर्मचारी ने की आत्महत्या, वेतन बकाया को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश

भिलाई, 15 जुलाई।
भिलाई जयपी सीमेंट लिमिटेड (BJCL) के 35 वर्षीय कर्मचारी पुष्पेंद्र परमार ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना भिलाई के राधिका नगर स्थित उनके निवास की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना निवासी पुष्पेंद्र परमार लंबे समय से BJCL में कार्यरत थे और फिलहाल अपने परिवार के साथ राधिका नगर में रह रहे थे। उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चे हैं। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ कंपनी के कर्मचारियों में भी शोक की लहर है।

कर्मचारी प्रतिनिधियों का कहना है कि कंपनी की दिवाला प्रक्रिया (CIRP), लंबे समय से वेतन बकाया और भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण कर्मचारी गंभीर आर्थिक और मानसिक दबाव में हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने से कई परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं।

कर्मचारियों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार, समाधान पेशेवर (IRP/RP), समिति ऑफ क्रेडिटर्स (CoC) और संबंधित अधिकारियों से लंबित वेतन एवं अन्य वैधानिक देयों का जल्द समाधान करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस घटना के बाद BJCL कर्मचारी परिवार ने दिवंगत पुष्पेंद्र परमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *