उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म, आयुर्वेदिक चिकित्सक 24 घंटे में गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में एक आयुर्वेदिक चिकित्सक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर 14 जुलाई 2026 को लोहारा थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि बिडोरा निवासी आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल (35) ने इलाज के बहाने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के बाद 15 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में लोहारा थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *