
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट के परिवहन के दौरान संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक इस प्रकरण में कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली। मौके पर बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप भी अवैध रूप से संग्रहित पाया गया।
जांच में सामने आया कि पिछले चार से पांच महीनों से आरोपी भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट के साथ लौह स्क्रैप चोरी कर उसे ए.के. ट्रेडर्स में एकत्रित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप के साथ स्क्रैप परिवहन में इस्तेमाल किए गए कई वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें जब्त की थीं। अब तक इस मामले में करीब 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों सहित करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
विवेचना के दौरान बीएसपी के दो कर्मचारियों हिमांशु भूषण मलिक (54 वर्ष) और मनोज कुमार देवांगन (58 वर्ष) की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।