पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई नगर थाना पुलिस ने पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग और पारिवारिक समस्याओं का समाधान कराने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता से अलग-अलग किस्तों में रकम ली और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पीड़िता की पहचान पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए पारिवारिक समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने पूजा-पाठ, निजी खर्च और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करीब 85 लाख रुपये हासिल कर लिए।

दो साल बीतने के बाद भी कोई लाभ नहीं मिलने पर जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पहले नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। जांच में अवैध वसूली के तथ्य सामने आने पर मामले में संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।

शिकायत के आधार पर भिलाई नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंदौर पहुंचकर पवन बधोरिया (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *