
दुर्ग। वैशाली नगर थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर दहेज की मांग को लेकर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने, गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।
पीड़िता की शिकायत पर वैशाली नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 296, 119(1), 115(2), 351(3), 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शांतिनगर, दशहरा मैदान के पास रहने वाली सुषमा पाण्डेय (50 वर्ष) और अस्वनी पाण्डेय (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दहेज की मांग को लेकर उत्पन्न पारिवारिक विवाद के चलते महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।