
दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर मोटा मुनाफा और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले ऐरिना कैपीटल के संचालक योगेश साहू को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को मैत्री विहार, राधिका नगर, सुपेला निवासी राजू नामदेव ने शिकायत दर्ज कराई कि ऐरिना कैपीटल के संचालक और उसके सहयोगियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराने, अधिक लाभ और रकम दोगुनी करने का लालच देकर उनसे 15 लाख रुपये निवेश कराए। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ राशि लाभ के रूप में लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य निवेशकों से भी करोड़ों रुपये की ठगी की है। विभिन्न शिकायतों के आधार पर उसके खिलाफ थाना सुपेला और चौकी स्मृति नगर में पहले से कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर फरार आरोपी योगेश साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना पाटन, हाल पता पामवुड रेसिडेंसी, कातुलबोर्ड, मोहन नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा और निवेशित राशि दोगुनी करने का झूठा प्रलोभन देकर उनसे धनराशि लेकर धोखाधड़ी करता था। मामले की जांच अभी जारी है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संस्था या व्यक्ति के निवेश प्रस्ताव पर पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिकता और पंजीयन की जांच जरूर करें। अवास्तविक मुनाफे और रकम दोगुनी करने जैसे झांसों से बचें तथा किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।