
दुर्ग। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र और हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 10 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के नए भवन परिसर, पोटिया में आयोजित होगा, जहां विभिन्न निजी कंपनियां और संस्थान योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
रोजगार विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक 15 नियोजकों की ओर से 1342 तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए रिक्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। विभाग का कहना है कि मेले तक इन पदों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।
इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, इंजीनियरिंग, एमबीबीएस, बीएएमएस, नर्सिंग, पैरामेडिकल सहित अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों के लिए रोजगार पंजीयन अनिवार्य है और वे ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
रोजगार मेले से संबंधित रिक्त पदों और अन्य जानकारी रोजगार विभाग की वेबसाइट तथा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर उपलब्ध है। यह रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।