घरेलू विवाद में पत्नी की गला घोंटकर हत्या की कोशिश, पति गिरफ्तार; दुर्ग पुलिस ने भेजा जेल

दुर्ग। घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की, फिर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए गमछे से उसका गला घोंट दिया। पीड़िता बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान होश आने पर पीड़िता ने पूरी घटना पुलिस को बताई।

मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के आमा कुआ चौक, पुरैना का है। पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को घरेलू विवाद के दौरान आरोपी मिथलेश यादव (22) ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। विवाद के बाद पीड़िता मायके चली गई थी, लेकिन आरोपी उसे वापस घर ले आया। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिस पर आरोपी ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या का प्रयास किया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 351/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश कर 8 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया गमछा भी जब्त किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना की वजह घरेलू पारिवारिक विवाद सामने आई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत कार्रवाई की गई है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा या घरेलू विवाद से जुड़े किसी भी गंभीर मामले की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *