शादी की व्यस्तता का उठाया फायदा, घर से नकदी चुराने वाली केयरटेकर और उसका प्रेमी गिरफ्तार

दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी पुलिस ने घर में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए केयरटेकर और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 23,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 43,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, जुनवानी स्थित सूर्या विहार कॉलोनी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए पिछले दो वर्षों से ममता चौहान केयरटेकर के रूप में काम कर रही थी। 26 और 27 जून को घर में शादी समारोह होने के कारण परिवार के सभी सदस्य व्यस्त थे। इसी दौरान ममता ने मौका पाकर अलमारी में रखी नकदी चोरी कर ली और बिना बताए घर छोड़कर फरार हो गई।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ममता की लोकेशन ट्रेस की और उसे उसके प्रेमी शीतल वर्मा के साथ रायपुर से हिरासत में लिया।

पूछताछ में ममता ने बताया कि उसके प्रेमी को पैसों की जरूरत थी, जिसके कहने पर उसने घर से नकदी चोरी की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 23,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *