
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप चोरी के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्लांट की दीवार फांदकर अपने साथियों के साथ अंदर घुसा और स्क्रैप लोहा चोरी कर स्कूटी से ले जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 30 जून की रात केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी में दो लोग करीब 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन लेकर निकल रहे थे। इसी दौरान सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। कार्रवाई के दौरान स्कूटी के पीछे बैठा एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक सोनू नायक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ प्लांट की दीवार फांदकर स्क्रैप चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 52 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।