
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुम्हारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कुकदा रोड पर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने दबिश देकर उन्हें धर दबोचा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सार्थक होम के सामने बिजली ट्रांसफार्मर के पास बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल में दो युवक अवैध गांजा लेकर बिक्री के लिए खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सूरज कुमार कोसले और सतीश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4.100 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 5 हजार रुपये है, बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल, एक आईफोन और 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।