रिश्तों का खौफनाक अंत: सगे भाई ने तीर-कमान से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर, आरोपी फरार

गरियाबंद। जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र के ग्राम घुमरापदर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सगे भाई ने तीर-कमान से हमला कर अपने ही भाई को मौत के घाट उतारने की कोशिश की। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, कमार भुंजिया जनजाति के गनसिंह कमार पर उनके भाई रज्जो कमार ने तीर-कमान से हमला कर दिया। हमला इतना जबरदस्त था कि तीर पीठ को चीरते हुए शरीर के भीतर गहराई तक जा पहुंचा, जिससे गनसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रायपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे घायल के जीजा को भी आरोपी ने तीर-कमान से घायल कर दिया। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह आपसी या जमीन संबंधी विवाद बताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना के बाद आरोपी रज्जो कमार मौके से फरार हो गया। अमलीपदर थाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *