इंदु आईटीआई में दुर्ग पुलिस का यातायात जागरूकता अभियान, छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों की दी जानकारी



दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस की यातायात शाखा ने कुरूद रोड स्थित इंदु आईटीआई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश दी गई।
इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने और सड़क पर हमेशा सतर्क रहने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *