
दुर्ग। भिलाई नगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 4 लाख 2 हजार 728 रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-5 भिलाई निवासी संजय झा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक APK फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करते ही मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और अन्य संदेश दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे, जिसके बाद उनके बैंक खाते से 4.02 लाख रुपये निकाल लिए गए।
मामले की जांच के दौरान साइबर सेल ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों का लोकेशन गुजरात में मिला, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर अच्छे लाल यादव और जोखन प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। दोनों को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर दुर्ग लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।