ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़: म्यूल अकाउंट संचालित करने वाले 3 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 81 एटीएम कार्ड समेत बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त


भिलाई, 22 जून 2026। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टा और अवैध वित्तीय लेन-देन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट नेटवर्क संचालित करने वाले तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 81 एटीएम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और हार्ड डिस्क सहित करीब 2.50 लाख रुपए की सामग्री जब्त की है।


पुलिस के अनुसार, 21 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार स्थित आईटीआई खेल मैदान के पास कुछ युवक लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन जुआ-सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा संचालन और अवैध वित्तीय लेन-देन में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि आरोपी “अन्ना रेड्डी” नामक ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के जरिए सट्टा कारोबार संचालित कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आईपीएल सीजन के दौरान आरोपी झारखंड के रांची में रहकर इस नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।
गरीब लोगों के खातों का करते थे इस्तेमाल
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में रख लेते थे। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन सट्टे से प्राप्त रकम के लेन-देन, निकासी और वास्तविक संचालकों की पहचान छिपाने के लिए किया जाता था। ऐसे खातों को साइबर अपराध की भाषा में “म्यूल अकाउंट” कहा जाता है।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1 अजय मिश्रा (23 वर्ष), सेक्टर-1, एवेन्यू-सी, भिलाई
2 दीपक कुमार (32 वर्ष), ग्राम नगदोई, जिला नालंदा, बिहार
3 करण कुमार सिंह (26 वर्ष), बालाजी नगर, खुर्सीपार, भिलाई
जब्त सामग्री
• लेनोवो लैपटॉप – 1 नग
• हार्ड डिस्क – 1 नग
• मोबाइल फोन – 13 नग
• सिम कार्ड – 11 नग
• बैंक पासबुक – 62 नग
• एटीएम कार्ड – 81 नग
• चेकबुक – 5 नग
• कुल अनुमानित कीमत : 2.50 लाख रुपए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *