
राजनांदगांव। जिले के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर 21 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में भोलेनाथ सेवा समिति की शिकायत पर पुलिस ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी दिनेश साहू हर साल अपने गांव में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित कराता रहा है। इसी भरोसे में अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने उससे संपर्क किया था। समिति का आरोप है कि दिनेश साहू ने 8 मई से 14 मई 2026 तक शिवपुराण कथा कराने का आश्वासन दिया और इसके एवज में समिति से कुल 21 लाख रुपये नगद लिए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि आरोपी को दो किश्तों में 5 लाख और 16 लाख रुपये उसकी किराना दुकान में दिए गए थे। कथा आयोजन को लेकर पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छपवा दिए गए थे। इसी बीच समिति को जानकारी मिली कि उक्त तारीखों में पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम झारखंड के रांची में पहले से तय है।
मामले की सच्चाई जानने समिति के सदस्य मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरश्वर धाम पहुंचे। वहां कथित तौर पर पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यालय से जानकारी मिली कि अंबागढ़ चौकी में प्रस्तावित कथा के लिए कोई राशि जमा ही नहीं की गई है।
इसके बाद समिति ने दिनेश साहू से पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करता रहा और रकम वापस नहीं की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी के तथ्य पाए गए।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।