दुर्ग में सख्त चेकिंग का असर, 80% दोपहिया चालक हेलमेट के साथ मिले



दुर्ग । :
दुर्ग में यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। जिले में अब करीब 80% दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करते नजर आ रहे हैं, जो पहले की तुलना में बड़ा सुधार माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस लगातार प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अभियान चला रही है। भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू समेत जिले के 7 प्रमुख चौक—रेल चौक, डीपीएस चौक, मुर्गा चौक, सुभाष चौक, श्रीराम चौक, जुनवानी चौक और राजेन्द्र प्रसाद चौक—पर रोज सुबह 8 बजे से रात तक जांच की जा रही है।
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और शराब पीकर ड्राइव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में ही 20,930 वाहन चालकों के खिलाफ बिना हेलमेट चालान काटा जा चुका है।
लगातार कार्रवाई और जागरूकता अभियानों के चलते लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति समझ बढ़ी है, जिसका असर अब सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है।
यातायात पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा इस अभियान को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें, गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *