
बालोद । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मंगचुआ थाना क्षेत्र के ग्रामीण मार्ग पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार करीब 20 लोगों में से 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में महिलाएं और बच्चे सहित लगभग 20 लोग सवार थे, जो एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान खराब सड़क और तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलटकर सड़क किनारे जा गिरी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी। बालोद पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 35 वर्षीय और 28 वर्षीय दो महिलाओं के रूप में हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।