
भिलाई। जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के आसपास सड़क किनारे अवैध पार्किंग से यातायात प्रभावित होने की शिकायतों के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान 19 दुपहिया और चारपहिया वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया, वहीं अवैध पार्किंग कराने के मामले में पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सूर्या मॉल के पास सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन अवैध रूप से खड़े मिले, जिससे सड़क पर आवाजाही बाधित हो रही थी। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 19 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
इसके साथ ही सड़क पर अवैध पार्किंग कर मार्ग अवरुद्ध करने के मामले में सूर्या मॉल के पार्किंग ठेकेदार आशीष के खिलाफ स्मृतिनगर थाना में अपराध क्रमांक 422/2026 के तहत बीएनएस की धारा 285 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध पार्किंग के कारण आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिसे देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
