
दुर्ग। हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए प्रतिबंधित धारदार हथियार की डिलीवरी करने के आरोप में मिशो कंपनी से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में 16 फरवरी 2026 को बोरसी निवासी सुमन मारकण्डे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 फरवरी की रात करीब 9:45 बजे आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उनके पति शिवनंदन मारकण्डे पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी प्रकाश यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आगे की जांच में आरोपी के मेमोरेण्डम और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि घटना में इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार ऑनलाइन माध्यम से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Meesho के जरिए 14 सितंबर 2025 को ऑर्डर कर मंगाया गया था।
जांच के दौरान मिशो कंपनी के एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक और डिलीवरी से जुड़े विवेक वर्मा (विके लॉजिस्टिक) को बीएनएसएस की धारा 94 और 179 के तहत नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ में दोनों आरोपी प्रतिबंधित हथियार की सप्लाई से जुड़े वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सके।
पुलिस जांच में पाया गया कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए इस प्रकार के प्रतिबंधित हथियार की आपूर्ति करना आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(क), 27(3) तथा धारा 5 और 7 का उल्लंघन है। इसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1 लोकोप्रियो बानिक (26 वर्ष), निवासी मदनमोहन रोड, बनमाली 2 करमगंज, असम – एरिया मैनेजर, मिशो कंपनी
2 विवेक वर्मा उर्फ विकु (26 वर्ष), निवासी शंकर नगर वार्ड 09, मुक्तिधाम के पास, मोहन नगर, दुर्ग – डिलीवरी मैनेजर
जप्त सामग्री
० ऑनलाइन ऑर्डर से जुड़े दस्तावेज
० घटना से संबंधित डिजिटल साक्ष्य
पुलिस के अनुसार घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया गया है।