
दुर्ग। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए संयुक्त अभियान चलाया। सिटी कोतवाली, मोहन नगर और अण्डा थाना पुलिस की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 लोगों को पुलिस अभिरक्षा में लिया और बड़ी मात्रा में लोहे का कबाड़ तथा पुराने वाहन पार्ट्स जब्त किए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिटी कोतवाली क्षेत्र के तकियापारा, नयापारा रोड स्थित आरबीएस बस गैरेज के पास तथा मान होटल के पास मोतीपारा लुचकी तालाब के सामने कुछ लोग अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिन्होंने अवैध कबाड़ का कारोबार करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से कबाड़ सामग्री जब्त कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इसी तरह मोहन नगर थाना क्षेत्र के तितुरडीह स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापा मारकर लगभग 500 किलोग्राम पुराने लोहे के कार पार्ट्स जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 13,500 रुपये बताई गई है। इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं अण्डा थाना क्षेत्र के विनायकपुर रोड स्थित एक कबाड़ी दुकान में दबिश देकर करीब 1.50 क्विंटल पुराना वाहन स्क्रैप और लोहे का कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 3,750 रुपये आंकी गई है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी बीएनएसएस की धारा 106 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पकड़े गए आरोपियों के नाम
मोहम्मद सलमान (26 वर्ष), मोहम्मद शोएब आजमी (35 वर्ष), मोहम्मद एजाज (52 वर्ष), दिलबाग सिंह ढिल्लन उर्फ बागे और मोहम्मद जावेद (35 वर्ष) शामिल हैं।
जप्त सामग्री में लोहे की खिड़की, पुरानी साइकिल का कटा फ्रेम, 6 साइकिल रिंग, लूना वाहन के 6 चक्का-ड्रम टायर, 2 स्कूटर स्टेपनी, 6 लोहे के पाइप, करीब 60 किलो सरिया रॉड, 500 किलो पुराने कार पार्ट्स और 1.50 क्विंटल वाहन स्क्रैप शामिल है।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नवीन कुमार राजपूत, उपनिरीक्षक रामकृष्ण तिवारी, मोहन लाल साहू, बिहारी राम ध्रुव सहित थाना स्टाफ तथा मोहन नगर और अण्डा थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।