महिला दिवस से पहले शर्मनाक वारदात: लिफ्ट देने के बहाने छेड़छाड़, विरोध पर चलती कार से महिला को फेंका; दो आरोपी गिरफ्तार



भानुप्रतापपुर। आज विश्व महिला दिवस मनाया जा रहा है, लेकिन इससे एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। कांकेर से भानुप्रतापपुर लौट रही एक महिला को कार में लिफ्ट देने के बाद दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे चलती कार से नीचे फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

मामला कोरर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला अपने इलाज के लिए कांकेर गई थी। शाम को भानुप्रतापपुर लौटने के लिए वह माकड़ी तिराहा पहुंची और किसी वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ईको कार वहां पहुंची, जिसमें महिला सहित तीन यात्री सवार हो गए। भानुप्रतापपुर से करीब 15 किलोमीटर पहले कार से दो यात्री उतर गए।
इसके बाद महिला को अकेला पाकर कार में सवार दोनों आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाने लगी।
इसी दौरान जब कार भानबेड़ा के पास पहुंची तो आरोपियों ने महिला को चलती कार से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को भानबेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख ने सभी थानों को अलर्ट करते हुए घेराबंदी शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध कार हटकर्रा इलाके में देखी गई है। सूचना के आधार पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन तगड़ी घेराबंदी के चलते उन्हें पकड़ लिया गया।
कोरर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने इस कार को धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र से चोरी किया था। कार चोरी के मामले में धमतरी पुलिस भी कोरर पहुंच गई है। पुलिस ने आरोपी हरेंद्र पोया निवासी हरनपुरी थाना कोरर और एक नाबालिग को न्यायालय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *