
दुर्ग । दुर्ग पुलिस की सतर्कता से वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे युवक को पकड़ा है, जो खुद को बीएसएफ का जवान बताकर पुलिस लिखी कार से शहर में घूम रहा था।
ग्रीन चौक पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध डिजायर कार को रोका गया। कार चालक सिमरनजीत सिंह ने पुलिस को बीएसएफ का पहचान पत्र दिखाया, लेकिन दस्तावेज की जांच में वह फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दुर्ग के सिंधिया नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था और फर्जी पहचान के सहारे लोक सेवक बनकर घूम रहा था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी बीएसएफ जवान बनकर कहीं किसी वारदात को अंजाम तो नहीं दिया और उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।