
दुर्ग।
भिलाई शहर में लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक सीरियल चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों के साथ चोरी का चांदी का सामान खरीदने वाले अनूपपुर के एक ज्वेलर्स संचालक को भी पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त बाइक, औजार सहित करीब 2 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अगस्त से दिसंबर 2025 के बीच भिलाई और दुर्ग क्षेत्र के कुल पांच मंदिरों में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आई थीं। इनमें फल मंडी पावर हाउस स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-5 कांचीकमाछी मंदिर, सुपेला काली मंदिर, फरीद नगर दुर्गा मंदिर और सेक्टर-6 बालाजी मंदिर शामिल हैं। लगातार हो रही घटनाओं के चलते पुलिस ने संदिग्ध अपराधियों की निगरानी और चेकिंग तेज की।
इसी दौरान सूचना मिली कि सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे दो युवक रात के समय बाइक से घूमते हैं और दिन में घर में छिपे रहते हैं। घेराबंदी कर दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपने नाम रामचंद राठौर निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश) और मुकेश जायसवाल निवासी तखतपुर, जिला मुंगेली बताए। तलाशी के दौरान उनकी बाइक की डिक्की से एक सब्बल बरामद हुआ।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। जेल से रिहा होने के बाद दोनों ने हमाली का काम शुरू किया और किराये के मकान में रहते हुए मंदिरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई।
आरोपियों ने चोरी में मिले चांदी के छत्र मुकुट, मुखौटा और अन्य सामान अनूपपुर के ज्वेलर्स संचालक विकास सोनी को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने ज्वेलर्स के पास से मंदिरों से चोरी किए गए चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त होंडा साइन बाइक, सब्बल, मोबाइल, टैबलेट, नकद 6693 रुपये और लगभग 2 लाख रुपये मूल्य का चांदी का सामान जब्त किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
रामचंद राठौर (29 वर्ष), निवासी गोरसी, जिला अनूपपुर (म.प्र.), हाल सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे
मुकेश जायसवाल (28 वर्ष), निवासी जोगीपुर, थाना तखतपुर, जिला मुंगेली, हाल सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे
विकास सोनी (40 वर्ष), निवासी अमरकंटक रोड, वार्ड क्रमांक 13, अनूपपुर (म.प्र.)
पुलिस ने सभी संबंधित थानों में दर्ज मामलों के तहत कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।