
- सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्यवाही
- कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझाई गई
- बल्ली और पत्थर से सिर पर वार कर की गई थी हत्या
- एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल
दुर्ग । दिनांक 11.10.2025 को भरत यादव, निवासी शिव पारा, विजय दाल मिल के पीछे, वार्ड नंबर 33 दुर्ग, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई अनिल यादव दिनांक 10.10.2025 की रात लगभग 11:00 बजे अपनी स्कूटी से घर से निकला था और वापस नहीं लौटा।
अगले दिन सुबह लगभग 08:00 बजे, पंचशील नगर बिजली ऑफिस के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचा, जहां पाया कि मृतक उसका भाई अनिल यादव है। उसके सिर पर गहरी चोट थी।
इस संबंध में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 490/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान तीनों ने स्वीकार किया कि शराब और सिगरेट पीने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने आवेश में आकर मृतक अनिल यादव के सिर पर बल्ली और पत्थर से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना में प्रयुक्त पत्थर और बल्ली को पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया।
प्रकरण में शामिल आरोपियों के नाम निम्न हैं –
- साहिल टंडन उर्फ भोको, निवासी पंचशील नगर, दुर्ग
- भुवन साहू, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी पंचशील नगर, दुर्ग
- विधि से संघर्षरत बालक
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्यवाही में उनि प्रताप सिंह ठाकुर, सउनि रामकृष्ण तिवारी, प्रधान आरक्षक आबिद खान, प्रधान आरक्षक अजय विश्वकर्मा, आरक्षक केशव कुमार, विकास तिवारी, प्रशांत पाटनकर, कमलकांत अंगूरे एवं सुरेश जायसवाल का सराहनीय योगदान रहा।