
दुर्ग । मामला थाना कुम्हारी क्षेत्र का है, जहाँ 05 अक्टूबर 2025 को शासकीय अस्पताल कुम्हारी से दिलीप कुमार वर्मा द्वारा एक अस्पताली मेमो प्रस्तुत किया गया। मेमो में बताया गया कि होरीलाल साहू नामक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की मृत्यु सिर में आई गंभीर चोटों के कारण हुई है। इसके पश्चात मर्ग जांच में गवाहों से पूछताछ की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि दिनांक 04 अक्टूबर को मृतक होरीलाल साहू के पुत्र गजेन्द्र साहू द्वारा अपने पिता के साथ मारपीट की गई थी।
मारपीट के दौरान लगी चोटों से होरीलाल साहू की मृत्यु होना पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण को हत्या का मामला मानते हुए आरोपी गजेन्द्र साहू के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है।