
दुर्ग । थाना सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए चुड़ी लाइन सुपेला क्षेत्र में धारदार चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम हरजित सिंह निवासी प्रगति नगर कैंप-01 थाना छावनी बताया।
आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद कर पुलिस ने कब्जे में लिया। हरजित सिंह आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई अपराध दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 974/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सुपेला विजय यादव, उपनिरीक्षक मोतीलाल खुरसे, आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह एवं दुर्गेश सिंह राजपूत की विशेष भूमिका रही।