
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में सामने आए करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले के बीच केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस फेरबदल के तहत सीआईएसएफ भिलाई इकाई के डीआईजी नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का तबादला दिल्ली मुख्यालय कर दिया गया है।
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी वर्ष 2009 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सीआईएसएफ में प्रतिनियुक्ति पर डीआईजी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनके स्थान पर झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी एवं बोकारो के पूर्व पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा को भिलाई इकाई की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, उनके पदस्थापना आदेश को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
इसी क्रम में भिलाई स्टील प्लांट में पदस्थ उप कमांडेंट निधि सिंह का भी तबादला कर उन्हें केओपीए कोलकाता इकाई भेजा गया है।
वहीं, सेल के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में पदस्थ डीआईजी एल.के. हाकिप का स्थानांतरण कोलकाता एयरपोर्ट किया गया है। उनकी जगह नागपुर एयरपोर्ट में सीनियर कमांडेंट के पद पर कार्यरत दिलीप कुमार को पदोन्नत कर डीआईजी बनाया गया है और उन्हें इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि भिलाई इस्पात संयंत्र में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर कई सवाल उठे थे। इसी बीच हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।