धमधा के पेड्री गांव में जमीन धंसी, 20 फीट गहरा गड्ढा बना, सिंकहोल की आशंका


दुर्ग।
जिले के धमधा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पेड्री में उस समय हड़कंप मच गया जब खेत की जमीन का एक हिस्सा अचानक धंस गया। यह गड्ढा करीब 20 फीट गहरा और 12 फीट चौड़ा है, जिसे लेकर ग्रामीणों में डर और हैरानी का माहौल है। विशेषज्ञ इसे सिंकहोल मान रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र को घेराबंदी कर बंद कर दिया है।

घटना स्थानीय किसान जगदीश साहू के खेत की है, जो रोज की तरह अपने खेत का मुआयना कर रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि खेत के बीचों-बीच जमीन में हलचल हो रही है। कुछ ही देर में मिट्टी तेजी से धंसने लगी और विशाल गड्ढा बन गया।

प्रशासन ने लिया संज्ञान
धमधा एसडीएम सोनम डेविड ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन सुरक्षा घेरा बना दिया गया है। साथ ही गांव में मुनादी कर लोगों से अपील की गई है कि वे गड्ढे के पास न जाएं।

ग्रामीणों में दहशत
गांव के विशंभर ठाकुर ने बताया कि जब वे खेत की ओर गए, तो हलचल देखकर डर गए और तुरंत गांव आकर लोगों को सूचना दी। गड्ढे का दृश्य देखकर ग्रामीण भी सहम गए।

क्या होता है सिंकहोल?
भूगर्भ विशेषज्ञों के अनुसार, सिंकहोल तब बनते हैं जब बारिश का पानी चट्टानों के नीचे की खाली जगहों में समा जाता है और मिट्टी बह जाती है। इससे जमीन धंस जाती है। आमतौर पर यह प्रक्रिया जल अपक्षय वाले क्षेत्रों में होती है।

फिलहाल विशेषज्ञों ने स्थिति को गंभीर न बताते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। ग्रामीणों को गड्ढे के आसपास न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *