
केरल । केरल के कोच्चि से मुंबई आ रहा एयर इंडिया का विमान छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) पर लैंडिंग के समय रनवे से बाहर निकल गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि विमान के सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह 9:27 बजे हुई। इसके कारण सीएसएमआईए के प्राथमिक रनवे को भी कुछ नुकसान हुआ है, इसकी पुष्टि सीएसएमआईए के प्रवक्ता की ओर से भी की जा चुकी है।
सीएसएमआईए के प्रवक्ता ने कहा कि 21 जुलाई 2025 को सुबह 09:27 बजे, कोच्चि से आने वाला एक विमान छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे से बाहर निकल गया। रनवे से बाहर निकलने की स्थिति से निपटने के लिए सीएसएमआईए की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया। सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट के मुख्य रनवे 09/27 को मामूली नुकसान हुआ है। परिचालन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए दूसरे रनवे 14/32 को सक्रिय कर दिया गया है।
एयर इंडिया की ओर से बताया गया कि केरल के कोच्चि से मुंबई आ रही एआई2744 विमान अधिक बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय टचडाउन होने के बाद रनवे से बाहर निकल गया। घटना में किसी यात्री और क्रू को कोई नुकसान नहीं हुआ है और सभी को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया है ¹.