

दुर्ग। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। शहर के व्यस्त मार्केट क्षेत्रों से लेकर नेशनल हाईवे तक ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और ई-चालान की प्रक्रिया जारी है।

यातायात पुलिस ने इंदिरा मार्केट, फरिस्ता कॉम्प्लेक्स, सिविक सेंटर, आकाशगंगा, सुपेला और पावर हाउस जैसे प्रमुख बाज़ार क्षेत्रों में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर ऑनलाइन ई-चालान की कार्रवाई की। पिछले दो महीनों में ई-डिवाइस मशीन के माध्यम से कुल 1058 ई-चालान जारी किए गए हैं।
इसके अलावा, अंजोरा से कुम्हारी तक नेशनल हाईवे पर तैनात चार हाईवे पेट्रोलिंग टीमों द्वारा सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटाया जा रहा है, जो अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। ब्रेकडाउन या खराबी की स्थिति में ऐसे वाहनों को तत्काल क्रेन की सहायता से किनारे किया जाता है। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से वाहनों के पीछे स्टॉपर लगाए जाते हैं और चालक से रेडियम पट्टी को साफ कराया जाता है ताकि रात में दृश्यता बनी रहे।
अपील:
यातायात पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि खरीदारी के लिए मार्केट क्षेत्र में जाते समय अधिक से अधिक दोपहिया वाहनों का उपयोग करें और अपने वाहन को सफेद पट्टी के अंदर ही व्यवस्थित रूप से पार्क करें, जिससे यातायात बाधित न हो और सभी को सुगम आवागमन मिल सके।