
दुर्ग। भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सेक्सटॉर्शन का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को अश्लील वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल किया गया और परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। दुर्ग जिले में यह इस तरह का दूसरा मामला है, जिसने पुलिस और समाज दोनों को चौंका दिया है।
जानकारी के मुताबिक, वैशाली नगर निवासी 30 वर्षीय हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी पिछले कुछ दिनों से अज्ञात लोगों द्वारा ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रहा था। आरोपियों ने उसे वीडियो कॉल कर फंसाया और फिर 20 हजार रुपए की मांग करने लगे। युवक ने दबाव में आकर फोन पे से 2 हजार रुपए ट्रांसफर भी किए थे।
परेशानी और मानसिक दबाव के चलते हरविंदर ने आत्मघाती कदम उठाया। उसका शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल वैशाली नगर पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।