
अहमदाबाद। गुरुवार को एअर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में केवल एक यात्री जीवित बचे हैं — भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार, जो सीट नंबर 11-A पर बैठे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल रमेश विश्वास से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। रमेश का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे हादसे की भयावहता बयान कर रहे हैं। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल थे।
इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 241 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई। देश भर में शोक की लहर दौड़ गई है और जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं।