
★ भिलाई नगर पुलिस की कार्रवाई, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार
★ ऑनलाइन ठगी करने वालों को कमीशन के लालच में दिया अपना बैंक खाता
★ अब तक मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
दुर्ग । ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश पर भिलाई नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी मामले में शामिल एक और आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी इंद्रप्रकाश कश्यप (51), निवासी रुआबांधा सेक्टर, भिलाई नगर ने 16 नवंबर 2024 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोबाइल नंबर 9783623063 से कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को टीआरएआई (TRAI) का अधिकारी बताकर आधार कार्ड से अपराध होने की बात कहकर 49,01,196 रुपये हड़प लिए।
शिकायत पर अपराध क्रमांक 469/2024 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इस मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
आरोपियों की कड़ी में एक और आरोपी भरत कुमार मेनारिया (30), निवासी ग्राम बांसड़ा, थाना खेरोदा, तहसील वल्लभनगर, जिला उदयपुर (राजस्थान) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि लगभग 7 महीने पहले पुणे निवासी सद्दाम मुल्ला के माध्यम से औरंगाबाद निवासी बापु श्रीधर भराड का ICICI बैंक खाता, इंटरनेट बैंकिंग की यूजर आईडी-पासवर्ड, रजिस्टर्ड सिम और मोबाइल फोन उसे सौंपा गया था।
भरत मेनारिया ने बताया कि उसने 20 प्रतिशत कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता ऑनलाइन ठगों को दिया था। जांच में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
भरत कुमार मेनारिया, उम्र 30 वर्ष
निवासी ग्राम बांसड़ा, थाना खेरोदा, तहसील वल्लभनगर, जिला उदयपुर (राजस्थान)
भिलाई नगर पुलिस की सतर्कता और सक्रियता से साइबर ठगी मामले में अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।