
इंदौर। हनीमून पर पति की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी से पुलिस की पूछताछ लगातार जारी है। इस बीच इंडिया टुडे की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोनम शादी से पहले और बाद तक कथित प्रेमी राज कुशवाहा के संपर्क में थी। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, सोनम ने राज से चैट में कहा था कि उसे पति राजा रघुवंशी का उसके करीब आना पसंद नहीं है। उसने यह भी बताया था कि शादी से पहले ही उसने राजा से दूरी बनानी शुरू कर दी थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि सोनम ने शादी के केवल तीन दिन बाद ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। हालांकि पुलिस ने इस चैट को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि सोनम की भावनाएं साफ तौर पर उसके मैसेज में झलकती हैं।
इस मामले में शामिल आरोपियों को अब मेघालय ले जाने की तैयारी की जा रही है। समाचार एजेंसी ‘वार्ता’ के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) राजेश दंडोतिया ने बताया कि फिलहाल चारों आरोपी इंदौर में ही मौजूद हैं और शिलॉन्ग पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। इनमें से तीन आरोपियों को कल गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड ले लिया गया था, जबकि एक अन्य आरोपी की रिमांड आज ली जानी है। इसके बाद शिलॉन्ग पुलिस की टीम सभी को लेकर रवाना होगी।
पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपी इंदौर के रहने वाले हैं और राज कुशवाहा के दोस्त हैं। राज खुद सोनम रघुवंशी के ऑफिस में कार्यरत है। अन्य आरोपी आकाश राजपूत बेरोजगार है और विशाल चौहान बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन सभी आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है और किसी का भी आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
दंडोतिया ने यह भी बताया कि जब राजा रघुवंशी का अंतिम संस्कार किया जा रहा था, उस वक्त राज कुशवाहा भी वहां मौजूद था। इस दौरान के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वह अंतिम संस्कार स्थल पर दिखाई दे रहा है।
शिलॉन्ग और मध्यप्रदेश पुलिस ने मिलकर कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो को इंदौर से, एक को सागर जिले के बीना से और एक को उत्तरप्रदेश के ललितपुर से पकड़ा गया था। वहीं मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कल उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिले में एक ढाबे से बरामद किया गया। उसे गाजीपुर पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया और बाद में शिलॉन्ग पुलिस के हवाले कर दिया।
गौरतलब है कि राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। इसके बाद दोनों हनीमून के लिए गुवाहाटी होते हुए शिलॉन्ग पहुंचे थे। वहां 23 मई को दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। करीब दस दिन की खोजबीन के बाद दो जून को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद किया गया, जबकि सोनम गायब रही। उसकी तलाश में जुटी पुलिस को आखिरकार 9 जून को सोनम गाजीपुर में एक ढाबे से मिली, जिससे पूरे मामले में नया मोड़ आ गया।
अब इस जघन्य हत्याकांड में सोनम की भूमिका की परतें खुल रही हैं और जांच एजेंसियां उससे राज कुशवाहा के साथ रिश्तों, चैट और पूरे घटनाक्रम को लेकर गहन पूछताछ कर रही हैं।
