कोंटा नक्सली हमला: शहीद एएसपी गिरपुंजे को सीएम विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि, घायल जवानों से अस्पताल में की मुलाकात


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के राजधानी रायपुर स्थित निवास पहुंचकर उनके पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की और उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “शहीद एएसपी गिरपुंजे ने अपने कर्तव्य के प्रति अदम्य साहस, निष्ठा और समर्पण का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। हमें उन पर गर्व है। राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ी है।”

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन) विवेकानंद सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने नक्सली हमले में घायल जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सुरक्षा व चिकित्सा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, एसीएस गृह मनोज पिंगुआ और एडीजी विवेकानंद सिन्हा उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *