
रायगढ़ (महाराष्ट्र): रायगढ़ जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) आंचल दलाल ने पदभार ग्रहण करते ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी सख्त और प्रभावी कार्यशैली के कारण लोग उन्हें पहले ही ‘लेडी सिंघम’ कहने लगे हैं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसपी दलाल ने कहा, “जिले की मौजूदा स्थिति को समझने के लिए मुझे करीब एक महीने का समय चाहिए। इस दौरान मैं सभी अवैध धंधों की गहराई से जांच करूंगी और अपराध के खिलाफ ठोस कदम उठाए जाएंगे।”
उन्होंने आगे बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक विशेष जांच टीम का गठन किया जा रहा है, जो गंभीरता से हर मामले की जांच करेगी। इस कार्य में आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा ताकि अपराधियों को सटीक तरीके से चिन्हित कर उन पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
एसपी दलाल ने पुलिस बल को भी सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा, “हम रायगढ़ को अपराधमुक्त जिला बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं। जो भी इन अवैध गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले में एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अवैध व्यापार, ड्रग्स, जुए और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जाएगा।