पुलगांव में मारपीट की वारदात, रॉड व ईंट से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग । पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीसेगांव में मारपीट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। घटना 25 मई 2025 की शाम लगभग 7:30 बजे की है, जब पीड़ित रेखलाल साहू, जो बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत है, अपने घर पर परिजनों के साथ मौजूद था।

इसी दौरान गांव के गजेंद्र सेन उर्फ राजा सेन और योगेंद्र सेन उर्फ पिंटू सेन पेंटिंग का बकाया पैसा मांगने की बात पर रॉड व ईंट लेकर घर में जबरन घुसे और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से पीड़ित के भाई नीलकंठ रजक पर सिर में हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। हमले में नीलकंठ के सिर से खून निकलने लगा। घटना के प्रत्यक्षदर्शी गांव के ललित यादव और विनय निर्मलकर रहे।

मामले में अपराध क्रमांक 193/25 धारा 333, 109, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और 26 मई 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा।

इस कार्रवाई में पुलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र भट्ट, उप निरीक्षक खेलन सिंह साहू तथा अन्य स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. गजेंद्र सेन उर्फ राजा सेन, निवासी ग्राम पीसेगांव
  2. योगेंद्र सेन उर्फ पिंटू सेन, निवासी ग्राम पीसेगांव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *