नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से चिट्टा सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार



दुर्ग । नशे के खिलाफ चल रहे संकल्प अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। चिट्टा (हेरोइन) की आपूर्ति करने वाले मास्टरमाइंड विक्रम जीत सिंह उर्फ विक्की और लवप्रीत सिंह उर्फ लव को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। यह दोनों आरोपी दीगर राज्यों से संपर्क कर दुर्ग सहित अन्य क्षेत्रों में मादक पदार्थ की सप्लाई करते थे।

इससे पहले 22 अप्रैल 2025 को थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 172/2025, धारा 21(क), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत चार आरोपियों—विशाल सिंह, अतुल कुमार, वीरेंद्र पारधी और हरपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 76 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था, जिसकी बाजार कीमत करीब 5,32,000 रुपये आंकी गई थी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने यह मादक पदार्थ सविंद्रर सिंह उर्फ सिंदा के माध्यम से विक्रम जीत और लवप्रीत से खरीदा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस की एन्टी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना दुर्ग की संयुक्त टीम को पंजाब रवाना किया गया। वहां तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सहायता से आरोपियों की पहचान कर पंजाब पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाए गए इन आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है, जबकि फरार आरोपी सविंद्रर सिंह की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में दुर्ग पुलिस की टीम के गुप्तेश्वर यादव, रामकृष्ण तिवारी, प्रदीप सिंह, विजय शुक्ला, अभय नारायण, जगजीत सिंह, संदीप सिंह और जावेद खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. विक्रम जीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब
  2. लवप्रीत सिंह पुत्र सरभजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *