रायपुर: भाजपा महिला पार्षद पर जानलेवा हमला, 10 बदमाशों ने घर पर किया हमला, 3 गिरफ्तार

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां वार्ड क्रमांक 10 से नवनिर्वाचित भाजपा महिला पार्षद लीला देवांगन पर जानलेवा हमला किया गया। बीती रात करीब 10 बदमाशों ने उनके घर को घेर लिया, गाली-गलौज की और जमकर तोड़फोड़ मचाई। इस दौरान आरोपियों ने घर की खिड़कियों के कांच, रेलिंग और सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया।

घटना खरोरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हमले के दौरान पार्षद ने दरवाजा बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पार्षद लीला देवांगन के अनुसार, हमलावरों ने अपशब्द कहते हुए सवाल किया कि “तुमको कौन पार्षद बना दिया?” इसके बाद वे बवाल मचाने लगे। परिवार ने घबराकर नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सोनी और अन्य स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी भाग खड़े हुए।

पुलिस ने इस मामले में गद्दा यादव, कमलू समेत 10 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। इनमें से कुछ आरोपी अवैध शराब बिक्री जैसे अपराधों में पहले भी शामिल रह चुके हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इस हमले के पीछे की असली वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *