बिहार: भोजपुर में सड़क हादसे में छह की मौत, महाकुंभ से लौट रहे थे श्रद्धालु

आरा-मोहनिया हाईवे पर बड़ा हादसा, कार ट्रक से टकराई

बिहार । बिहार के भोजपुर जिले में शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। हादसा आरा-मोहनिया हाईवे पर दुल्हिनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतक प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर पटना लौट रहे थे।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन पीछे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। मृतकों में एक दंपती, उनकी दो बेटियां और अन्य शामिल हैं।

स्थानीय लोगों ने बताई भयावह तस्वीर
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी आवाज कई सौ मीटर तक सुनाई दी। इससे पहले, गुरुवार को भी प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे एक डॉक्टर का परिवार बक्सर में हादसे का शिकार हुआ था।

लगातार हो रहे सड़क हादसे, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोग चिंतित हैं। पुलिस ने तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही को संभावित कारण माना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *