
राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल में एक बंदी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एनडीपीएस के आरोप में सजा काट रहे आरोपी पियूष पांडे के साथ जेल के प्रहरी ने मारपीट की है। बंदी के पिता पुरुषोत्तम पांडे ने बताया कि उनका बेटा पिछले 18 माह से रायपुर की जेल में बंद है।
शुक्रवार को पियूष पांडे का जन्मदिन था और उसकी मां उससे मिलने गई थी। इस दौरान 10 मिनट ज्यादा मिल लिया तो जेल में तैनात प्रहरियों ने उनसे 10 हजार रुपए की मांग की। जब पैसा उन्हें नहीं मिला तो जेल प्रहरी बंदी को मारने लगे।
बंदी पियूष पांडे के पिता पुरुषोत्तम पांडे ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पैसा नहीं देने के लिए टार्चर किया गया है। मारपीट करके उसका पैर तोड़ दिया गया है और उसके घुटना भी टूट गया है।
जेल प्रशासन ने जब जानकारी मांगी जा रही है तो वे कुछ नहीं कह रही है। इसलिए परिजनों की मांग है कि जेल प्रहरियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों का कहना है कि वे इस मामले में कोर्ट भी जाएंगे और जेल के अंदर उनके बेटे को जान का खतरा है।