
रायपुर । छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों में 5 अलग-अलग जिलों में सड़क हादसे हुए, जिनमें 6 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। इन हादसों में कांकेर, पेंड्रा, बलौदाबाजार, केशकाल और सूरजपुर जिले शामिल हैं।
कांकेर जिले में एक तेज रफ्तार पिकअप खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। पेंड्रा जिले में एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बलौदाबाजार में कार और एंबुलेंस की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें एंबुलेंस सवार ड्राइवर की मौत हो गई। केशकाल में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई, जिसमें चालक की मौत हो गई। सूरजपुर में दो बाइक आपस में टकरा गईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
इन हादसों के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।