रायपुर में नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रशासन की सख्ती

रायपुर । रायपुर में पुलिस और प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि राजधानी के अधिकतर मेडिकल स्टोर्स पर नशीली दवाओं की बिक्री की जा रही है। इसके बाद कलेक्टर-एसएसपी की नाराजगी के बाद सोमवार को शहर के अलग-अलग इलाकों के 30 मेडिकल स्टोर्स पर छापेमार कार्रवाई की गई।

छापेमार कार्रवाई के दौरान मिली जानकारी

औषधि विभाग एवं पुलिस के करीब 50 अधिकारियों की 11 संयुक्त टीम ने दुकानों में छापे मारे। जांच के दौरान रायपुरा स्थित जय दुर्गा मेडिकल स्टोर्स में बिना प्रिस्क्रिप्शन नारकोटिक्स दवाई बेची जा रही थी। विभाग ने उसके खिलाफ कार्रवाई की।

चंगोराभाठा में स्थित दिनेश मेडिकल स्टोर्स, खरोरा के श्री मेडिकल स्टोर्स व गुजरात मेडिकल स्टोर्स में नशीली दवाइयां जब्त की गई। मेडिकल स्टोर्स के संचालक इन दवाइयों की बिक्री को लेकर कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इसके बाद औषधि विभाग के अफसरों ने चारों मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रशासन की सख्ती

गौरतलब है कि औषधि विभाग की ओर से नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ पिछले 6 महीने में जिले के 52 मेडिकल स्टोर्स को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है। इनमें 33 मेडिकल संचालकों के लाइसेंस निलंबित और पांच के निरस्त किए गए। अफसरों का दावा है कि नशीली दवाओं के प्रतिबंध के लिए छापामार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *