रायपुर में किसान के घर चोरी का अनोखा मामला: चोर ने 62 लाख रुपये चोरी किए, लेकिन दूसरे कार्टून में रखे 66 लाख रुपये सुरक्षित मिले

रायपुर । रायपुर में किसान के घर चोरी का अनोखा मामला: चोर ने किसान के घर से 62 लाख रुपये चोरी किए, लेकिन दूसरे कार्टून में रखे 66 लाख रुपये सुरक्षित मिले।

राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र के ग्राम रवेली में सब्जी बाड़ी लगाने वाले तीन किसान भाइयों के संयुक्त मकान से 62.71 लाख रुपये से भरा कार्टून चोरी होने से हड़कंप मच गया है। दिलचस्प यह है कि जिस दीवान से नोटों से भरा कार्टून चोरी हुआ, उसी में एक और कार्टून में रखे 66 लाख रुपये सुरक्षित हैं।

किसान परिवार को 10 एकड़ खेत बेचने से करीब ढाई करोड़ रुपये 21 अगस्त को मिले थे। उसके बाद एक भाई के परिवार को 82 लाख रुपये वाला कार्टून दे दिया गया था। शेष रकम दो कार्टून में (62.71 लाख और 66 लाख) तथा एक बैग में (28 लाख) बेडरूम के दीवान में रखे गए। दो अक्टूबर को 28 लाख वाला बैग निकाल लिया गया जबकि 23 अक्टूबर को पता चला कि 62.71 लाख वाला कार्टून गायब है।

परिवार के सदस्यों, मजदूरों, रिश्तेदारों और अज्ञात लोगों पर संदेह जताया गया है। डीजीपी से शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार के बाल मुकुन्द सोनकर ने डीजीपी से 11 नवंबर को इस मामले में शिकायत की। आरोप है कि मुजगहन टीआई को कई बार चोरी की जानकारी दी गई लेकिन कभी राष्ट्रपति विजिट तो कभी सीएम ड्यूटी और फिर राज्योत्सव में व्यस्त होने का हवाला देकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। दावा है कि परिवार के कुछ सदस्यों का बयान जरूर लिया गया। पुलिस ने चोर का पता लगाने के प्रयास तक नहीं किए। तब परिवार के सदस्य पुलिस मुख्यालय पहुंचे। डीजीपी से शिकायत के बाद 15 नवंबर को चोरी का केस दर्ज किया गया।

इस मामले में पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है, जल्द इस चोर को दबोच लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *