
दुर्ग । दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस के राज्यव्यापी साइबर जन जागरूकता पखवाड़ा अभियान के तहत साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक करना है.

रूंगटा कॉलेज कोहका में आयोजित एक कार्यक्रम में 400 से अधिक छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री सुखनंदन राठौर, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सतीश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी श्री हरीश पाटिल, थाना प्रभारी जामुल श्री कपिल देव पांडे, उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय, एवं सहायक उप निरीक्षक श्रीमती संगीता मिश्रा ने इस कार्यक्रम में भाग लिया.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री सुखनंदन राठौर ने छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स दिए और बताया कि किस प्रकार ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सतीश ठाकुर ने बताया कि डर और लालच साइबर अपराधों के मुख्य कारण होते हैं, जिनसे सतर्क रहना आवश्यक है।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी श्री हरीश पाटिल ने नए ट्रेंडिंग साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी और उनसे जागरूक रहने की अपील की। थाना प्रभारी जामुल, श्री कपिल देव पांडे ने उपस्थित छात्रों को 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर और संबंधित पोर्टल की जानकारी दी. साइबर प्रहरी नोडल अधिकारी डॉ. संकल्प राय ने छात्रों को साइबर प्रहरी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया और टेक्निकल जानकारी साझा की. साथ ही रक्षा टीम प्रभारी ने महिलाओं से जुड़े साइबर अपराधों पर जागरूकता फैलाते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए.
इसी अभियान के अंतर्गत नेहरू नगर के कैफेज एवम शॉप में उपस्थित यंगस्टर्स को साइबर प्रहरी अभियान के बारे में जानकारी दी गई। साइबर प्रहरी टीम द्वारा उन्हें इस अभियान से जुड़ने और सोशल मीडिया पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। यंगस्टर्स ने इस अभियान की सराहना की और इसमें भाग लेने का संकल्प लिया.
दुर्ग पुलिस के इस प्रयास को जिले भर में सराहना मिल रही है और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के इस अभियान को सफल बनाने में विभिन्न संस्थानों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो रही है। जिला दुर्ग के समस्त थाना क्षेत्र में वॉल पेंटिंग, पोस्टर, बैनर, एलईडी, सोशल मीडिया, डेमो के माध्यम सहित अन्य नए माध्यमों से लगातार जागरूक किया जा रहा है।