बलरामपुर में सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, घायल युवक को सड़क नहीं होने से खाट पर ढोकर अस्पताल पहुंचाया गया

बलरामपुर । बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के सेमरा ऊपर टोला गांव में दो सगे भाइयों के बीच विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक शराबी भाई ने अपने सगे भाई के ऊपर लाठी डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को घर में दरवाजा बंद कर शराबी भाई फरार हो गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना मिलने के बाद कुसमी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। घायल युवक को बंद कमरे में पड़ा हुआ पाया गया।

हॉस्पिटल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन सड़क नहीं होने की वजह से एंबुलेंस वहां तक नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोग और पुलिस के जवान ने घायल युवक लक्ष्मण को करीब 2 किलोमीटर खाट पर ढोकर मुख्य सड़क पर लेकर पहुंचे। फिर पुलिस विभाग के शासकीय वाहन में घायल युवक को कुसमी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि फरार आरोपी को अपने हिरासत में ले लिया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *