
गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले के लोनी बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस ने 29 वर्षीय एक जूस विक्रेता को कथित तौर पर फलों के जूस में मानव मूत्र मिलाने को लेकर गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उसके नाबालिग सहयोगी को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अंकुर विहार क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भाष्कर वर्मा ने बताया कि यह गिरफ्तारी जनता की शिकायत पर की गई है। उनके मुताबिक लोगों ने शिकायत की थी कि यह जूसविक्रेता मानव मूत्र मिलाकर ग्राहकों को फलों का जूस परोस रहा था।
जूस विक्रेता की पहचान आमिर (29) के रूप में हुई है। जूस के ठेले से पुलिस ने बरामद की पेशाब से भरी केन। वर्मा ने कहा कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसके जूस के ठेले पर तलाशी ली तो पेशाब से भरी प्लास्टिक की केन बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में आमिर से पूछताछ की लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया एवं उसके किशोर साथी को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी कार्यवाही चल रही है।